Tuesday, September 29, 2026

शराब की बोतल से गोदकर पत्नी की हत्या:ब्वॉयफ्रेंड के साथ देखा तो पति को आया गुस्सा,फिर उसी के प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला

दुर्ग पुलिस ने उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई स्थित पुरानी शराब भट्‌टी के पास मिली महिला के शव के मामले को सुलझा लिया है। महिला की हत्या उसके पति और प्रेमी ने मिलकर की थी। इसके बाद उन्होंने बाइक से शव को ले जाकर शराब भट्‌टी के पास फेंक दिया, जिससे पुलिस गुमराह हो सके। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इस मामले को सुलझाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

उतई थाना प्रभारी मोनिका पाण्डेय ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम जोरातराई पुरानी शराब भट्‌टी के पास खंडहर में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला की पहचान जोरातराई निवासी राजकुमार निर्मलकर की बेटी पूजा निर्मलकर के रूप में हुई थी। उसकी मां नीरू निर्मलकर व बहन नेहा सोना ने उसकी पहचान की थी। मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।