रूस और यूक्रेन के बीच जंग छठवें दिन भी जारी है। इस बीच यूक्रेन पर रूसी हमले को लेकर एक नई रणनीति देखने को मिली है। यूक्रेन की राजधानी कीव की इमारतों और छतों पर संदिग्ध निशान और संकेत पाए गए हैं।
यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक इन निशानों के जरिए रूस मौजूदा इमारतों पर टारगेटेड हमला कर सकता है। इन निशानों को शहर की ऊंची इमारतों और गैस पाइपों की छतों पर देखा गया है। यूक्रेन के अधिकारी इसको लेकर लोगों को आगाह कर रहे हैं। इन संकेतों में एक चमकदार लाल रंग का X और तीर का निशान भी शामिल है। इस नए खतरे पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं..
कीव शहर में पिछले शुक्रवार एक फेसबुक पोस्ट के जरिए लोगों को अपनी छतों पर ऐसे निशान की जांच करने की अपील की गई थी। निशान पाए जाने पर उन्हें ढंकने और मिटाने को कहा गया है। यूक्रेनी अधिकारियों का दावा है कि कुछ संदिग्ध लोग ये काम कर रहे हैं और संभवतः हवाई हमले को लेकर रूसियों के लिए सुराग छोड़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स में कीव शहर के कई इलाकों में रिफ्लेक्टिव मार्किंग भी मिलने का दावा भी किया गया है।











