कोरबा में वार्डवासियों ने महापौर को कचरा संग्रहण केंद्र में बंद करके बंधक बना लिया। उनका कहना है कि हम इसकी बदबू से परेशान हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं। फिर भी बात नहीं बन रही है, इसलिए अब हमने ये कदम उठा लिया है। लोगों ने महापौर के साथ-साथ खुद को भी संग्रहण केंद्र में बंद रखा था।
शहर के पंप हाउस 15 ब्लॉक इलाके में नगर निगम का कचरा डंपिंग जोन है। यहां शहर भर का कचरा डंप होता है। इसकी वजह से यहां की बदबू आसपास के इलाकों में फैलती है। इसी वजह से 15 ब्लॉक इलाके में रहने वाले बस्ती के लोग परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि वार्ड के गुस्साए लोग शनिवार सुबह 11 बजे कचरा संग्रहण केंद्र के बाहर पहुंच गए थे और निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी थी। लोग केंद्र के बाहर ही धरने पर बैठ गए। चेहरा बांधे बड़ी संख्या में महिला और पुरुष संग्रहण के बाहर पहुंचे थे।
इधर, जब इस मामले का पता महापौर राजकिशोर प्रसाद को चला तो वह मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने लोगों से बातचीत शुरू की। मगर लोगों ने उन्हें अपने साथ संग्रहण केंद्र में ही बंद कर लिया। इसके बाद लोगों ने केंद्र में ताला लगा दिया।











