Wednesday, September 30, 2026

बेटे ने पीट-पीटकर हाथ तोड़ दिया, घर से निकाला:सरकारी नौकरी में है, खाना तक नहीं देता; पेट भरने के लिए पिता 67 की उम्र में करते हैं काम

बिलासपुर में सरकारी नौकरी करने वाले बेटे ने अपने पिता की पिटाई कर उसके हाथ तोड़ दिए और घर से बाहर कर दिया। जब पुलिस ने भी वृद्ध पिता की फरियाद नहीं सुनी, तब वह किसी तरह हाईकोर्ट जस्टिस और विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष गौतम भादुड़ी के पास गुहार लगाने पहुंच गया। पिता ने उन्हें बताया कि बेटा सरकारी नौकरी करता है। फिर भी उसे खाने के लिए नहीं देता। उसने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया है।

उसकी बातों को सुनकर जस्टिस भादुड़ी ने उनके भरण पोषण और संपत्ति पर अधिकार हासिल करने के लिए वकील नियुक्त कर प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अमेरी स्थित उसके घर में रहने की व्यवस्था करने कहा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर वृद्ध को घर पहुंचाया गया। वहीं, सकरी थाने में भी आरोपी बेटे के खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया है।