Sunday, May 10, 2026

15 लाख के नोट जले:ATM को गैस कटर से काट रहे थे बदमाश, तभी आग लग गई, पुलिस पहुंची तो सफेद कार में भागे

कांकेर में चोरों ने SBI का ATM काटकर चोरी करने का प्रयास किया। गैस कटर से चैंबर काटने के दौरान अचानक ATM में आग लग गई। इसके चलते अंदर रखे करीब 15 लाख रुपए जलकर खाक हो गए। यह रकम ज्यादा भी हो सकती है। फिलहाल बैंक की ओर से इतने ही रुपयों का अनुमान लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो चोर सफेद रंग की कार में भाग निकले। पुलिस ने 3 अज्ञात चोरों पर FIR दर्ज की है।

दरअसल, पूरी वारदात पंखाजूर क्षेत्र में होलिका दहन की देर रात हुई है। बताया जा रहा है कि सफेद कार में कुछ लोग रात करीब 3 बजे नगर पंचायत के पास लगे SBI के ATM पहुंचे। इस बूथ में दो ATM लगे हुए हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। चोरों ने बूथ के सामने ही अपनी गाड़ी खड़ी की और फिर शटर गिरा दिया। चोरों ने दोनों ATM में तोड़-फोड़ कर ऊपर का कवर हटा दिया। फिर गैस कटर से एक ATM को काटना शुरू किया। रविवार देर शाम मामले में टोटल अमाउंट का पता चला है। इससे पहले आग लगने की खबर थी।

इसी दौरान ATM में आग लग गई। इसके चलते चोर हड़बड़ा गए। इससे पहले कि कुछ कर पाते, आग बढ़ी और उस ATM में रखे सारे रुपए जलकर खाक हो गए। इस दौरान ATM के आसपास रहने वालों ने शटर गिरने की आवाज सुनी तो वे भी बाहर आकर देखने लगे। इसकी भनक चोरों को लगी तो वे भी वहां से भाग निकले। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची तो ATM जल रहा था। इस पर उन्होंने रेत डालकर आग पर काबू किया।