
गोरखनाथ मंदिर हमले का आरोपी अहमद मुर्तजा अब्बासी अब ATS वालों पर भी हमलावर हो रहा है। पूछताछ के दौरान पुलिसवालों का करीब आना, उसको पसंद नहीं आ रहा है। शातिर मुर्तजा ने पूछताछ के दौरान एक सिपाही को कोहनी से मार दिया। ये वही कोहनी थी, जिस पर प्लास्टर लगा हुआ था।
एक इंस्पेक्टर रैंक के अफसर के चेहरे पर नाखून से वार कर दिया। इतना ही नहीं, मेडिकल चेकअप के लिए पहुंची डॉक्टरों की टीम से भी मुर्तजा भिड़ गया। ऐसे में ATS के अफसर उस पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।
ATS ने मुर्तजा के अम्मी-अब्बा और घर के एक नौकर को हिरासत में लिया है। 5 अप्रैल को ही इन्हें हिरासत में लिया गया था। इसके अतिरिक्त, ATS ने गोरखपुर सहित बांसी और सिद्धार्थनगर से 5 लोगों को हिरासत में लिया है। मुर्तजा के 2 साथियों को भी सिद्धार्थनगर के अलीगढ़वा बॉर्डर से पकड़ा गया है। माना जा रहा है कि दोनों को मुर्तजा के आतंकी मानसिकता की खबर थी। वह उसका सहयोग भी किया करते थे। स्लीपिंग सेल के प्वाइंट से भी छानबीन हो रही है।
इसके अलावा 2 शख्स बांसी और सिद्धार्थनगर से, जबकि एक अन्य व्यक्ति को नौगढ़ से भी ATS ने पूछताछ के लिए उठाया है। इनमें दो ट्रेवल एजेंट बताए जा रहे हैं। जिन्हें मुर्तजा की सभी यात्राओं और गतिविधियों की जानकारी थी। इन्हीं एजेंट्स के जरिए मुर्तजा कनाडा जाने वाला था।










