Saturday, April 25, 2026

अशोक वाटिका में लगी भीषण आग, वन विभाग को काफी नुकसान होने की आशंका

कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर के वन विभाग की तरफ से बनाए गए अशोक वाटिका में आग लग गई। यहां आग लगने से चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया है। साथ ही आग की लपटें इतनी जबरदस्त हैं कि दूर-दूर तक लोगों को दिखीं। दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची है और आग बुझाने का काम किया जा रहा है।
सीएसईबी चौकी क्षेत्र के इलाके में वन विभाग ने अशोक वाटिका का निर्माण कराया हैं। इस वाटिका में बड़ी संख्या में पे़ड़ पौधे भी लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग यहां रोज सुबह और शाम घूमने आते हैं। मगर शनिवार देर शाम को यहाँ से खबर आई कि यहां आग लग गई है।
आस-पास के लोगों ने तुरंत ही पुलिस को इस बात की जानकारी दी। इसके अलावा दमकल की गाड़ी को भी बुलाया गया। शाम 6 बजे यहां आग लगी। तब से मौके पर पहुंची दमकल की टीम आग बुझाने में लगी हुई है। मगर अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने से वन विभाग को यहां काफी नुकसान हो गया है।