Wednesday, September 30, 2026

जब चलती कार पर गिरा विशालकाय पेड़:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, यहां मौसम के बदलने से हादसा; अचानक बारिश से बढ़ी उमस

कोरबा में काफी दिनों बाद अचानक झमाझम बारिश हुई है। यहां अचानक शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। फिर तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। जिले के कई इलाकों से बारिश होने की खबर सामने आई है। बताया गया कि बारिश और आंधी की वजह से एक विशालकाय पेड़ भी चलती कार पर गिर गया। राहत की बात ये रही कि ड्राइवर समय रहते कूद गया और उसकी जान बच गई है। वहीं अचानक हुई बारिश की वजह से उमस बढ़ गई है।

शाम को यहां करीब 4.30 बजे से मौसम का मिजाज बदला था। सबसे पहले कोरबा शहर में तेज आंधी चली। फिर दर्री, दीपका, कुसमुंडा,रजगामार जैसे इलाकों में आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई है। यहां काफी तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। जिसके चलते जन जीवन पर भी असर पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक अचानक मौसम बदलने से कई इलाकों में बिजली बंद कर दी गई। लोग जहां पर थे, वे वहीं रुक गए। इस बीच दर्री इलाके में एक कार चालक किसी तरफ से अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ उसकी कार पर सीधे आकर गिर गया। पेड़ जैसे ही गिरने वाला था, चालक ने किसी तरह गाड़ी को पहले ही रोक लिया और वहां से भागा। जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया है। हालांकि गाड़ी के आगे के हिस्से में नुकसान पहुंचा है। आगे का कांच टूट गया है।

वहीं कई और इलाकों में भी पेड़ गिरे हैं। इधर, जब शाम को 5 बजे के बाद बारिश बंद हुई तो जिन रास्तों में पेड़ गिरे हैं, वहां से पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया है। लोगों को उम्मीद थी कि बारिश जिस तरह से हो रही थी। वो काफी देर तक होगी तो उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी। मगर कुछ देर बार बारिश होने के बाद रुक गई। जिसके कारण उमस बढ़ गई है।