
कर्नाटक में हिजाब के बाद अब नया बवाल शुरू हो गया है। कांग्रेस की स्टूडेंट यूनिट NSUI ने राज्य की भाजपा सरकार पर शिक्षा भगवाकरण का आरोप लगाते हुए खाकी निक्कर जलाकर प्रदर्शन किया। अब इसके जवाब में RSS कार्यकर्ताओं ने चड्डी कैंपेन शुरू कर दिया है। इसके तहत घर-घर से निक्कर इकट्ठा किए जा रहे हैं। इन्हें कांग्रेस कार्यालय और सिद्धरमैया के घर भेजा जाएगा।
RSS ने चड्डी कैंपेन की शुरुआत मंड्या जिले के केआर पेट से की। संघ के स्वयंसेवक घर-घर जाकर लोगों को सिद्धरमैया के बयान के बारे में बता रहे हैं। साथ ही निक्कर भी जमा कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक पार्सल सिद्धरमैया के घर भेज भी दिया गया है।
कर्नाटक सरकार ने पिछले दिनों 10वीं क्लास की किताबों में संघ के पहले चीफ हेडगवार के भाषणों को शामिल करने की घोषणा की थी। इसके बाद कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने विरोध करना शुरू कर दिया। NSUI ने शिक्षा मंत्री के घर के बाहर एक खाकी निक्कर जलाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया।
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया भड़क गए। उन्होंने पूछा कि क्या देश में निक्कर जलाना गुनाह है? अगर पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं को नहीं छोड़ेगी, तो पूरे कर्नाटक में ‘चड्डी जलाओ’ कैंपेन चलाया जाएगा। इसके बाद RSS कार्यकर्ताओं ने उन्हें निक्कर भेजने का अभियान छेड़ दिया।
कुछ दिन पहले ही राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पहनने की इजाजत न दिए जाने पर जमकर विवाद हुआ था। उडुपी शहर में कुछ लड़कियों ने कॉलेज के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया था। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। मार्च में हुई सुनवाई में कोर्ट ने हिजाब को अनिवार्य नहीं माना था। फिलहाल यह केस सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है।









