Friday, August 21, 2026

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर 100 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दर्ज

नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ 100 करोड़ की मानहानि का केस दर्ज कराया गया है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा ने मंगलवार को पीपीई किट खरीद मामले में घपले का आरोप लगाने वाले AAP नेता और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Deputy Chief Minister Manish Sisodia) के खिलाफ 100 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया. रिंकी सरमा के वकील पी. नायक ने कहा कि उनके मुवक्किल ने कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी गतिविधियों के तहत PPE किट दान के रूप में जमा की.

असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ सिविल जज कोर्ट (कामरूप मेट्रो) गुवाहाटी में 100 करोड़ रुपए का दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर किया है. रिंकी भुइयां सरमा के वकील पद्मधर नायक ने कहा कि वे उम्मीद कर रहे हैं कि मामला बुधवार को सूचीबद्ध होगा और वे इस मामले में आगे बढ़ेंगे.

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया था. मनीष सिसोदिया द्वारा कोविड पीपीई किट की खरीदी में भ्रष्टाचार के आरोप के बाद मानहानि का मुकदमा दायर करने की धमकी दी गई थी. मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि पीपीई किट के ठेके सरमा की पत्नी से जुड़ी एक कंपनी को दिए गए. एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि असम सरकार ने अन्य कंपनियों से 600 रुपए की पीपीई किट की खरीदी की. उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी और बेटे के व्यापारिक भागीदारों की फर्मों को 990 रुपए प्रति पीस के लिए तत्काल आपूर्ति के आदेश दिए.