Tuesday, October 13, 2026

महाराष्ट्र में सत्ता का संग्राम :कुर्ला MLA के ऑफिस में तोड़फोड़, शिंदे की तस्वीर पर कालिख पोती; चांदीवाली विधायक का पोस्टर फाड़ा

महाराष्ट्र में सत्ता का संग्राम अब हिंसक रूप लेने लगा है। शुक्रवार को कुर्ला में शिवसेना के बागी विधायक मंगेश कुंडालकर के दफ्तर पर कुछ लोगों ने हमला किया है। उन्होंने मेन गेट पर तोड़फोड़ की है। उनके पोस्टर और नेम प्लेट तोड़े गए हैं।

अहमदनगर में भी बागी विधायकों के नेता एकनाथ शिंदे की तस्वीर पर कालिख पोती गई है। यहां उद्धव समर्थकों ने शिंदे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की साथ ही उन्हें गद्दार बताया।

साकीनाका इलाके में भी बागी विधायक दिलीप लांडे के पोस्टर फाड़े गए हैं। लांडे गुरुवार को ही गुवाहाटी पहुंचे थे और शिंदे को अपना समर्थन दिया था। बागी विधायकों के समर्थकों का आरोप है कि तोड़फोड़ करने वाले ये लोग उद्धव ठाकरे के लोग हैं। तोड़फोड़ की घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है।

इधर, मातोश्री में महा विकास अघाड़ी गठबंधन के प्रमुख सहयोगी NCP और उद्धव ठाकरे के बीच 2 घंटे चली बैठक खत्म हो गई है। इसमें NCP चीफ शरद पवार, डिप्टी सीएम अजीत पवार, कैबिनेट मिनिस्टर जयंत पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल और संजय राउत शामिल थें।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग में पवार ने उद्धव से साफ शब्दों में कहा है कि बागी विधायकों की संख्या 40 से ज्यादा है। ऐसे में फ्लोर टेस्ट करवाने की स्थिति में गठबंधन की किरकिरी होगी।रिपोर्ट्स के मुताबिक शरद ने उद्धव को इस्तीफा देने का सुझाव दिया है। वहीं उद्धव ठाकरे ने शनिवार दोपहर एक बजे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।