
बस्तर में पुलिस नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून चला रही है। ऑपरेशन मानसून के तहत जवान एक्शन में नजर आ रहे हैं। नक्सलियों के गढ़ में घुसकर 2 दिन में 10 लाख रुपए के इनामी 2 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। जिनके शव को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे हैं। साथ ही मुठभेड़ स्थल से 1 घायल समेत 2 नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामान, हथियार समेत नक्सल सामग्री भी बरामद की गई है।
नक्सलियों की मलांगेर और कटेकल्याण एरिया कमेटी में सुकमा और दंतेवाड़ा इन दोनों जिलों से फोर्स जंगल में घुसी थी। पहली मुठभेड़ कटेकल्याण इलाके के नडेनार-परचेली के जंगल में दंतेवाड़ा के जवानों के साथ हुई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में जवानों ने एक 5 लाख रुपए के इनामी माओवादी महंगू मड़कम को ढेर कर दिया। महंगू कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य (ACM) था। मारे गए नक्सली का शव भी बरामद कर लिया गया। फोर्स आगे बढ़ी और माओवादियों की दूसरी पार्टी के साथ मुठभेड़ हुई।









