Saturday, April 18, 2026

एनआईए ने रियाज और गौस को लिया हिरासत में, कहा कुछ बड़ा करने को पाक ने उकसाया था

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (National Investigation Agency- एनआईए) ने उदयपुर हत्याकांड की आधिकारिक तौर पर जांच अपने हाथ में लेने के एक दिन बाद दो मुख्य आरोपियों मुहम्मद रियाज और गौस मुहम्मद (Muhammad Riaz and Ghaus Muhammad) को हिरासत में ले लिया है। शनिवार तड़के एनआईए (NIA) की टीम राजस्थान के अजमेर स्थित हाई सिक्योरिटी जेल पहुंची और दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया। उन्हें अब भारी सुरक्षा घेरे में जयपुर ले जाया जा रहा है।

इस बीच खुफिया सूत्रों ने कहा कि मुहम्मद रियाज़ और ग़ौस मुहम्मद को पाकिस्तान स्थित आकाओं द्वारा कुछ बड़ा करने के लिए उकसाया गया था। जिनकी पहचान सलमान हैदर और अबू इब्राहिम के रूप में की गई। सूत्रों ने कहा कि पैगंबर के बारे में नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी के बाद हैदर और इब्राहिम दोनों आरोपियों को कुछ बड़ा हमला करने के लिए उकसा रहे थे। जिसके चलते रियाज़ और गौस ने इस घटना को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, मुहम्मद रियाज और गौस मुहम्मद कथित तौर पर आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए आरडीएक्स जैसे विस्फोटकों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दोनों ने ‘कुछ बड़ा करने’ की बात की थी।

बता दें कि उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल का मंगलवार को मुहम्मद रियाज़ और ग़ौस मुहम्मद द्वारा सिर काट दिया गया था। वारदात का वीडियो आरोपियों ने ऑनलाइन पोस्ट किया था साथ ही आरोपियों ने पीएम मोदी को भी धमकी दी थी। हालांकि, दोनों आरोपियों को वारदात के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने राजसमंद से गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों ने कहा कि दोनों आरोपियों के पाकिस्तान स्थित धार्मिक आंदोलन दावत-ए-इस्लामी से संबंध थे।

रिपोर्ट के अनुसार, कड़े गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत दोनों आरोंपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और एनआईए द्वारा राजस्थान पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते और विशेष अभियान समूह (एसओजी) के समर्थन से इसकी जांच की जा रही है। शुक्रवार को उदयपुर की एक अदालत ने हत्या का मामला एनआईए को सौंपा था।