Saturday, August 22, 2026

सराफा व्यापारी की हत्या का LIVE VIDEO:दुकान में घुसे 2 बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, एक का दायां हाथ कटा हुआ था

रायपुर-दुर्ग सीमा के अमलेश्वर में एक सराफा दुकान में दिनदहाड़े बदमाशों ने दुकान मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी और लाखों रुपए के जेवर लूटकर ले गए। दोनों बदमाशों ने एकदम करीब से कई गोलियां कारोबारी को मारी। इसके बाद इत्मिनान से जेवर समेटे और दुकान से निकल गए। इन दोनों हत्यारों में से एक युवक का सीधा हाथ कोहनी के नीचे से कटा हुआ है। इस पूरी घटना का लाइव VIDEO भी सामने आया है।

अमलेश्वर के तिरंगा चौक में समृद्धि ज्वेलर्स नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दो युवक सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में आए। दुकान संचालक सुरेन्द्र कुमार सोनी (52 वर्ष) निवासी गुड आईलैंड कॉलोनी, इस समय अकेले थे। युवकों ने उनसे कुछ गहने दिखाने कहा। सुरेंद्र गहने दिखाते रहे। इसी समय वे रैक से कुछ निकालने झुके। उनका सिर काउंटर से नीचे हुआ और दो युवकों में से एक ने उनका सिर पकड़कर जोर से काउंटर पर मारा। इसके बाद दोनों युवकों ने पिस्तौल निकाल ली और सुरेंद्र सोनी पर फायर करने शुरू किए। दोनों ने उनके सिर, छाती, चेहरे पर लगातार पांच-छह फायर किए। जब वे अपनी कुर्सी पर गिर गए तो एक युवक ने उनकी छाती पर जोर से लात मारी और नीचे गिरा दिया। इसके बाद दोनों ने इत्मिनान से काउंटर, दराज और दुकान में रखे जेवरात समेटे और बाहर निकल गए।

जब युवक हत्या करके सामान समेट रहे थे, तो उसी समय एक आदमी दुकान के दरवाजे पर आया। ऐसा समझा जा रहा है कि वह गोलियों की आवाज सुनकर वहां पहुंचा था। उस व्यक्ति ने युवकों से कुछ पूछा, लेकिन युवकों ने उसे बाहर दुकान के आगे से आवाज आने की बात कहकर दरवाजे से ही भगा दिया। उसके जाने के बाद दोनों हत्यारे तीन बैग में जेवरात, नगद भरकर निकल गए।