Monday, August 10, 2026

हसदेव रिव्हर व्यू प्वाइंट में डूबे ढाई करोड़, चार साल से खंडहर

हसदेव नदी पर निर्मित दर्री बांध की जल धारा के साथ प्राकृतिक दृश्य को देखते हुए प्रशासन ने ढाई करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार कर रिव्हर प्वाइंट तैयार किया। बेहद आकर्षक इस पर्यटन स्थल तक लोग नहीं पहुंचे और जिस उद्देश्य से इसका निर्माण किया गया था वह पूरा नहीं हो सका। चार साल पहले निर्मित इस स्थल को जिला खनिज न्यास मद से निर्मित किया गया था। सुरक्षा की सुविधा नहीं होने की वजह से असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया और यहां किए गए विकास कार्य खंडहर में तब्दील हो चुके हैं।

जिले नैसर्गिक सौंदर्य से भरे स्थलों की कोई कमी नहीं है। इन्हे उभारने और लोगों की सुविधा के लिए आकर्षक बनाने में भी कोई कमी नहीं की गई है। इसी कड़ी में दर्री बांध से लगे जल संसाधन के विश्रामगृह व बांध निरीक्षण स्थल के निकट रिव्हर प्वाइंट का निर्माण कराया गया।

ढाई करोड़ की लागत से तैयार इस स्थल को तैयार करने का उद्देश्य बांध के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के अलावा निगम के राजस्व को समृद्ध करना था। लोगों के विश्राम के लिए कार्टेज, मनोरंजक फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट आदि का निर्माण किया किया गया है। सौंदर्य को बढ़ावा देने के किए गए खर्च से अनुमान लगाया जा सकता है कि इस जगह को शहर सबसे समृद्ध सौंदर्य स्थल में परिवर्तित करने योजना था।