ग्वालियर। ग्वालियर में एक ट्रेवल एजेंसी संचालक को उसकी पत्नी और उसके दोस्तों से जमकर पीटा। दो दिन पहले पत्नी और उसके दोस्तों ने पति के मुंह पर ईंट, पत्थर और घूसों से वार किए। जख्मी चेहरा लेकर पति थाने पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई। लेकिन पुलिस ने घायल पति का मेडिकल कराने के बाद दो दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं की है।
दरअसल, मुरार के काशीपुरा निवासी 38 वर्षीय सतेन्द्र सिंह राजपूत ट्रेवल्स एजेंसी चलाते हैं। पिछले कुछ समय से पत्नी किरन राजपूत से उनका विवाद चल रहा है। दोनों के बीच का विवाद कोर्ट में भी विचाराधीन है। यही कारण है कि दो बेटों को लेकर कुछ दिन से सतेन्द्र बड़ागांव खुरैरी अपने गांव के मकान पर रहते हैं। जो मकान काशीपुरा में उन्होंने खरीदा था उसमें सतेन्द्र की पत्नी रहती है। दोनों के बीच विवाद का कारण सतेन्द्र की अनुपस्थिति में पत्नी का दोस्तों से मिलना जुलना है।
सतेन्द्र ने बताया कि पिछले कुछ दिन से उसकी पत्नी के दोस्त वीनू उर्फ विकस राजपूत, कालू राजपूत, अनिल उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। लगातार धमकी मिलने और घर के आसपास पत्नी के दोस्तों की घेराबंदी के कारण सतेन्द्र छुपकर घूम रहा था। 23 नवंबर को वह काशीपुरा में अपने घर को देखने के लिए पहुंचा तो वहां पर वीनू, कालू, अनिल व दो अन्य ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और लात-घूसों से जमकर पीटा। कार का कांच भी तोड़ दिया। जब वह बेहोश हो गया तो हमलावर भाग गए। घटना की शिकायत करने मुरार थाना पहुंचा तो पुलिस ने लापरवाही पूर्ण रवैया अपनाते हुए सिर्फ घायल का मेडिकल कराने के बाद अदम चैक काटकर रवाना कर दिया। पीड़ित का कहना है कि उसकी जान खतरे में है।







