रायपुर में पहली बार इंडियन क्रिकेट टीम का कोई इंटरनेशनल मैच होने जा रहा है। विराट,रोहित, हार्दिक जैसे प्लेयर्स शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे। अब इस मैच के लिए टिकट बुकिंग व्यवस्था को तय कर लिया गया है। लोगों को पेटीएम के जरिए टिकट ऑनलाइन मिलेगा। 12 तारीख से इसकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने जा रही है।भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस क्रिकेट मैच की तैयारियां पूरी तेजी से की जा रही है। स्टेडियम में छतीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के साथ बैठक की। इस बैठक में सुरक्षा के साथ दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर अधिकारियों का विशेष जोर रहा। 21 जनवरी को रायपुर में क्रिकेट मैच खेला जाएगा।








