Friday, November 27, 2026

NTPC के राखड़ से अब तक राहत नहीं : ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

कोरबा. एनटीपीसी जमनीपाली पावर प्लांट के राखड़ से ग्रामीणों को अब तक कोई राहत नहीं मिली है. आंदोलन के दौरान एनटीपीसी के अधिकारियों ने समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी भी समस्या जस का तस बनी हुई है. राखड़ उड़कर घरों में जा रहा है. इससे लोगों का जीना दुभर हो गया है. जिम्मेदार एनटीपीसी प्रबंधन राखड़ के लिए कोई इंतजाम नहीं कर रहा है. इसके चलते ग्रामीणों में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

व्यापक इंतजाम तो दूर राख में पानी का छिड़काव ठीक ढंग से नहीं हो रहा है, जिससे जहरीला राख उड़कर आसमान में बादल का रूप ले रहे हैं. हल्की हवा चलते ही आसपास के दर्जनभर गांव में राख की आंधी चल रही है, जिससे ग्रामीण बेहद परेशान हैं. हालात यह हैं कि ग्रामीण घर के अंदर में खाना तक नहीं बना पा रहे हैं. उनकी त्वचा में खुजली का प्रकोप है.

आश्वासन पर समाप्त किया धरना

ग्रामीण नाराज होकर आज राखड डैम का काम बंद करवाकर सात दिन के अंदर सभी मांगों को पूरा करने को लेकर एनटीपीसी के वाइट हाउस के सामने धरने पर बैठे. कई घंटे तक अधिकारी और ग्रामीण में बहस होने के बाद आखिरकार जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, जनपद उपाध्यक्ष गोविंद सिंह कटघोरा एवं ग्रामवासियों के सामने एनटीपीसी को लिखित में देना पड़ा कि सात दिन के भीतर मांगें पूरी कर दी जाएगी. इसके बाद ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया.गर्मी के मौसम में धूल और बारिश के दिनों में कीचड़ से ग्रामीण परेशान होते हैं. धूल के कारण आसपास लगे पेड़-पौधे भी काले पड़ गए हैं. पत्तों पर डस्ट जमे हुए हैं. गांवों के सरपंच कई बार एनटीपीसी प्रबंधन से शिकायत कर चुके हैं. प्रबंधन सिर्फ आश्वासन देते हैं. कुछ दिनों तक सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाते हैं. इसके बाद फिर बंद करवा दिया जाता है.