भोपाल। मध्यप्रदेश में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (Pandit Pradeep Mishra) के सीहोर (Sehore) स्थित कुबेरेश्वर धाम Kubereshwar Dham) में रुद्राक्ष महोत्सव (Rudraksh Mahotsav) के पहले दिन आज यानी गुरुवार को भारी भीड़ के कारण अफरातफरी रहा। रुद्राक्ष लेने के चक्कर में भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। सुबह से ही इंदौर-भोपाल हाईवे 20 किमी और इछावर-भाऊखेड़ी से कोठरी जाने वाले मार्ग पर करीब 7 किमी का जाम लग गया। वहीं एक महिला की मौत हो गई और तीन महिलाओं के लापता होने की खबर है। कुबेरेश्वर धाम में हुई अव्यवस्था पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस (Congress) और भाजपा (BJP) ने एक दूसरे पर आरोप लगाया है।कांग्रेस ने निशाना साधते हुए कहा कि पिछली गलतियों से भी सरकार ने सबक नहीं लिया है। भाजपा चुनाव के वक्त सिर्फ हिंदू-हिंदू करती है। पहले से पता था इतना बड़ा आयोजन होगा तो सरकार ने व्यवस्था क्यों नहीं की। सीहोर के हालात बहुत ज्यादा खराब हैं। जाम में लाखों लोग फंसे हुए हैं। प्रशासन और सरकार की ये नाकामी है।कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि इतने सारे लोग आएंगे तो अव्यवस्था होंगी। सरकार और प्रशासन की तरफ से पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। इतने बड़े आयोजन में व्यवस्था की अयोजकों की भी जिम्मेदारी है। कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध करना, धर्म के आयोजन में शामिल नहीं होती कांग्रेस। कांग्रेस का कोई बड़ा नेता सीहोर कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। भाजपा ने आगे कहा कि कांग्रेस सनातन धर्म के कार्यक्रमों पर सवाल उठाती है, कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है।











