Sunday, October 4, 2026

काल बनकर सड़क पर दौड़ी कार, 1 की मौत,1 गंभीर रूप से घायल, इधर तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा…

रायगढ़/ धरसीवां. रायगढ़ की सड़कों पर आए दिन कोई न कोई हादसा होते ही रहता है. जहां एक डस्टर कार की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई और एक गम्भीर रूप से घायल हो गया है. हादसे के बाद गुस्साए लोगों का हुजूम थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गया. वहीं धरसीवां में भी एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया, जिसकी मौत हो गई.बता दें कि, रायगढ़ में लाल डस्टर की ठोकर मारने से 38 साल के आदर्श चौहान की तत्काल मौत हो गई. वहीं एक अन्य बाइक सवार 19 वर्षीय युवक बुरी तरह से घायल हुआ है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों औऱ परिजनों का गुस्सा फूटा और सभी लोग कोतरा रोड थाने पहुंचकर मुआवजे की मांग को लेकर जमीन पर बैठ गए. चक्काजाम की स्थिति निर्मित होते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद वार्ड पार्षद और परिजनों को समझाइश दी. जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ.वहीं धरसीवा के सांकरा सिलतरा इलाके में बेतरतीब ढंग से बनी सड़कों पर लगातार हादसों का दौर जारी है. गुरुवार को फिर एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया. सिर के ऊपर वाहन का पहिया चढ़ने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मृतक खेमराज भूमिज सिंह ट्रांसपोर्ट के ट्रक का चालक था. जो वन्दना फेक्ट्री में ट्रक खड़ाकर पैदल ट्रांसपोर्ट कार्यालय सिलतरा जा रहा था. तभी जोरावर फेक्ट्री के मोड़ के समीप अंधी रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया.