Tuesday, August 18, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: अजय चंद्राकर ने संभाला मोर्चा

रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने विपक्ष की ओर से मोर्चा संभाला. उन्होंने कहा कि राजीव मितान क्लब के नाम पर बड़ा खेला हो गया है. छत्तीसगढ़ ओलम्पिक में खेलते-खेलते तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई. लेकिन आयोजन किसने कराया ये मालूम नहीं. खेलो इंडिया, छत्तीसगढ़ ओलंपिक में खेला होबे हुआ. छत्तीसगढ़ की भावना को सरकार ने मजाक बनाकर रख दिया है.

अजय चंद्राकर ने कहा कि सुराजी गांव योजना, ये योजना क्या काम करती है, क्या मापदंड है, ये बताए कांग्रेस. नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी योजना के लिए बड़ी बातें हुई, पर इसमें क्या हुआ. मुख्यमंत्री की फ्लेगशिप योजना के लिए बजट तक नहीं है. यह योजना किस विभाग की योजना है? वहीं रोका-छेका अभियान पर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि केवल दो-तीन डंडा कलेक्टर को पकड़ा देने से रोका-छेका अभियान नहीं हो जाता.भाजपा विधायक चंद्राकर ने कहा कि सरकार ने आदिवासी नृत्य कराया. रामायण कराया. कांग्रेस के नेता की एजेंसी को नौ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. पेसा क़ानून लागू करने का श्रेय सरकार ले रही है. पेसा का क्या हाल है? इस पर खुली चर्चा करा ली जाये. आदिवासियों से षड़यंत्र का आरोप लगाते हुए कहा कि सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा में आदिवासी लड़कियों से शादी कर बाहरी लोगों के जमीन खरीद रहे हैं. इस पर सरकार जांच करा ले. इसके साथ पेसा के तहत ग्रामीणों को दिए गए अधिकार पर सरकार से सवाल किया.