कोरबा जिले के ग्राम पुरैना में भटककर पहुंचे चीतल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चीतल ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। जबकि चीतल के घायल होने की सूचना गांववालों ने वन विभाग को समय पर दे दी थी, लेकिन न तो मौके पर रेंज ऑफिसर पहुंचे और न कोई अन्य कर्मचारी। 3 घंटे तक तड़पने के बाद चीतल की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 7 बजे मड़वारानी जंगल से भटककर एक चीतल ग्राम पुरैना पहुंच गया था। जहां एक के बाद एक 3 कुत्तों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे चीतल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई, लेकिन घंटों बीत जाने पर भी वहां से कोई नहीं पहुंचा।











