अलीगढ़.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के पार्क में घूम रहे बुजुर्ग को आवारा कुत्तों के झुंड ने नोंचकर मार डाला। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बुजुर्ग सुबह मॉर्निंग वॉक करने यूनिवर्सिटी परिसर के पार्क में पहुंचे। तभी 10-12 कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया।
कुत्तों ने बुजुर्ग के कुर्ते और पायजामे को नोंचकर फाड़ दिया। इससे वह जमीन पर गिर गए। फिर कुत्तों ने उनके हाथ-पैर और पेट को नोंचकर घायल कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना रविवार सुबह 7 बजे की है।
हर दिन पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आते थे सफदर
65 साल के सफदर अली परिवार के साथ मेडिकल रोड प्रिंट पाॅइंट पर रहते थे। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी साथ में रहती है। बड़ी बेटी अपने परिवार के साथ कतर में है। 5 साल पहले वह यूनिसेफ कासगंज से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह अलीगढ़ में ही रहते थे। हर दिन सुबह यूनिवर्सिटी कैंपस के पार्क में मॉर्निंग वॉक करने आते थे।
रविवार सुबह भी सफदर पार्क में मॉर्निंग वॉक करने आए थे। इसी दौरान उन पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। यूनिवर्सिटी के गार्ड ने पार्क में शव देखा। इसके बाद उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर थाना सिविल लाइन्स मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस यूनिवर्सिटी में लगे CCTV की जांच की। इसमें बुजुर्ग पर कुत्तों के हमले की बात सामने आई।











