अमृतसर.वारिस पंजाब दे चीफ अमृतपाल की पत्नी किरणदीप को गुरुवार को अमृतसर एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने रोका है। श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अफसर उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
किरणदीप सुबह 11.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंची थीं। वो दोपहर 1.30 बजे की फ्लाइट से लंदन रवाना होने वाली थीं।
उनका पति खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह 18 मार्च से फरार है। उस पर NSA के तहत केस दर्ज किया गया है। किरणदीप NRI है। उस पर भी ब्रिटेन में बब्बर खालसा से संबंध होने और फंडिंग के आरोप लगे हैं। किरणदीप ने इन आरोपों को नकार दिया है। भारत आने के सवाल पर उन्होंने कहा था- मैं भारत में कानूनी तौर पर रह रही हूं। मैं यहां 180 दिन रह सकती हूं।

10 फरवरी को हुई थी शादी, कहा था- अमृतपाल को छोड़कर नहीं जाऊंगी
अमृतपाल ने दुबई से पंजाब लौटकर इसी साल 10 फरवरी को पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में किरणदीप कौर से शादी की थी। यह समारोह पूरी तरह गुप्त रखा गया। किरणदीप कौर ब्रिटेन की सिटिजन है। वह मूलरूप से जालंधर के कुलारां गांव की है। कुछ समय पहले उनका परिवार इंग्लैंड में बस गया था।

अमृतपाल के फरार होने के बाद किरणदीप कौर ने एक मैगजीन इंटरव्यू में कहा था- अमृतपाल को छोड़कर नहीं जाऊंगी। अमृतपाल सिर्फ धर्मप्रचार कर रहे थे। उन्होंने कुछ गलत नहीं किया, वह बेकसूर है। अमृतपाल ने हमेशा युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया है। आज उन्हें गलत आरोपों में फंसाया जा रहा है।








