Monday, August 3, 2026

बिरनपुर जा रहे भाजपाइयों को रोका, हंगामा:रमन सिंह, नारायण चंदेल समेत बीजेपी विधायकों को अनुमति, हिंसा में मारे गए युवक के घर जाएंगे

बेमेतरा.बीजेपी विधायक दल शुक्रवार को बेमेतरा जिले के दौरे पर पहुंच गया है। इसमें नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के साथ ही बीजेपी के विधायक और पूर्व विधायक शामिल हैं। ये सभी बिरनपुर जाने के लिए जिला मुख्यालय बेमेतरा पहुंचे। डॉ रमन सिंह और नारायण चंदेल ने यहां रेस्ट हाउस में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इधर, सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भले ही बीजेपी नेता बिरनपुर जाएं, लेकिन वहां धारा 144 का पालन जरूर करें।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के साथ ही विधायकों और पूर्व विधायकों को बिरनपुर जाने की अनुमति मिल गई है, लेकिन बीजेपी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ग्राम कंतेली में रोक लिया गया है। जिसके कारण बीजेपी कार्यकर्ता यहां भारी हंगामा कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं के बिरनपुर दौरे को देखते हुए यहां भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। 300-400 के करीब जवान यहां तैनात किए गए हैं। बेमेतरा रेस्ट हाउस में भी सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।