जगदलपुर.छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से 12 सितंबर को भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का दर्शन कर भाजपा के नेता चुनावी शंखनाद करेंगे। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में ही शाह आम सभा को भी संबोधित करेंगे। जिसमें करीब 70 से 80 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा की परिवर्तन यात्रा दो चरणों में होगी। इसके लिए भाटापारा के MLA शिवरतन शर्मा और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को संयोजक बनाया गया है। ये दोनों नेता दंतेवाड़ा में ही हैं। इनके साथ पूर्व मंत्री केदार कश्यप, बस्तर प्रभारी संतोष पांडेय भी मौजूद हैं। बुधवार को भाजपा कार्यालय में संगठन की बैठक लेकर यात्रा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।










