Tuesday, June 30, 2026

BREAKING: आंगनबाड़ी सहायिका की लाश मिली,हादसा या हत्या..?

कोरबा। सनसनीखेज घटनाक्रम में कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा में 45 वर्षीय बृज कुंवर की लाश उसके ही घर के रसोईघर में मिली। महिला आँगनबाड़ी में सहायिका कार्यरत थी। जली हुई हालत में मिली महिला के शरीर का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। महिला अपने पति के साथ अकेले रहती थी वहीं 20 साल का बेटा बोरवेल में काम करने बाहर गया हुआ है। महिला का पति गांव के पास जंगल गया हुआ था और जब वापस घर लौटा तो पत्नी को जली हुई हालत में देखा। पति ने इसकी जानकारी गांव वालों को दी। फिर सूचना पुलिस तक पहुंचाई गई। बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए मृतका के परिजनों का बयान दर्ज कर आसपास लोगों से पूछताछ की। कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर भी घटनास्थल पहुंचे थे। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। एसडीओपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की दिशा और दशा तय होगी। मृतका के साथ कोई घटना हुई है या वह किसी हादसे का शिकार हो गई, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।