रायगढ़. ग्राम तारापुर के गैस गोदाम से 110 नग एलपीजी सिलेंडर चोरी मामले में कोतरारोड पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक 17 जनवरी 2024 को थाना कोतरारोड़ में एचपी गैस गोदाम के संचालक यशवंत राज सिंह ने 10 से 16 जनवरी के बीच उनके ग्राम तारापुर गैस गोदाम से 110 नग एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसकी कीमत 3,51,320 रुपए बताया जा रहा.
पुलिस अज्ञात आरोपी के विरुद्ध नकबजनी का अपराध कायम कर माल मुलाजिम की पतासाजी कर रही थी. इसी दरमियान कोतरारोड़ पुलिस को उक्त चोरी में संबलपुर ओड़िसा के आशीष सिंह, डेनियल मुंडा केरकेट्टा, देवशीष सेनापति द्वारा चोरी किए जाने की जानकारी मिली. आरोपियों को 15 जनवरी को थाना आंताबिरा जिला बरगढ़ पुलिस ने चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर जिला जेल बरगढ़ दाखिल किया था.










