Wednesday, September 23, 2026

CG में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ : 55 मोटरसाइकिल के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, जानिए कैसे वारदात को देते थे अंजाम…

बलौदाबाजार. भाटापारा ग्रामीण पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी कर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने वाले चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है. आरोपियों से 55 बाइक बरामद की गई है. आरोपियों मे एक बेरोजगार मैकनिकल इंजीनियर सहित च्वाइस सेंटर संचालक एवं चार अन्य आरोपी शामिल हैं, जिसमें एक नाबालिग है. मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी सदानंद कुमार ने बताया कि जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं हो रही थी पर आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे थे. इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में भाटापारा एसडीओपी आशीष अरोरा, ग्रामीण थाना प्रभारी अमित पाटले सायबर सेल एव पुलिस टीम ने बड़ी मेहनत कर सफलता प्राप्त की है और आरोपियों से 55 मोटरसाइकिल बरामद किया है.

एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह का सरगना मैकनिकल इंजीनियर अमन खान है, जो फर्जी आरसी बुक का डिजाइन कर ग्राहकों को चोरी की मोटरसाइकिल बिक्री करवाता था. इसमें च्वाइस सेंटर संचालक के यहां से कार्ड प्रिंट किया जाता था. वहीं इस कार्य में मोटरसाइकिल बिक्री करने वाला भी है, जो ग्राहकों को एफीडेविट देता था और फिर अमन खान को आरसी बुक डिजाइन के लिए देता था. इस तरह यह पूरी प्रक्रिया होती थी और आरोपी पकड़ में नहीं आ पाता था.