सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में झाड़ियों में एक नवजात बच्ची मिली है। आशंका है कि कोई जन्म के तुरंत बाद बच्ची छोड़कर भाग गया है। सोमवार तड़के सुबह 4 बजे एक महिला की नजर उस पर पड़ी। बच्ची के शरीर पर चींटियां भी चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, नगर के वार्ड नंबर दस निवासी प्रतिमा कश्यप को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। इधर-उधर देखने के बाद उन्हें घर के पास ही झाड़ी में छोटी सी बच्ची दिखी। तुरंत उसने बच्ची को उठाया और चींटियों को साफ किया।
प्रतिमा कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची के गले में दो बार पतला कपड़ा लपेटा हुआ था जैसे उसका गला दबाने का प्रयास किया गया हो। हो सकता है उनकी हिम्मत नई हुई हो तो झाड़ियों में फेंककर चले गए।
लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
प्रतिमा कश्यप ने आसपास के लोगों को बुलाया और फिर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बच्ची का इलाज शुरू हुआ तो दिखा कि पूरे शरीर में चींटियों के काटने के कारण लाल निशान थे। बताया जा रहा है कि बच्ची जन्म रविवार को ही हुआ है लेकिन उसे किसने छोड़ा इसका अभी पता नहीं चल सका है।








