रायपुर के गुढ़ियारी में 18 लाख रुपए की डकैती की खबर झूठी निकली। पति-पत्नी के आपसी विवाद का फायदा उठाकर एक तांत्रिक ने महिला से अनुष्ठान के नाम पर 30 लाख रुपए मांगे थे। जिसके बाद महिला ने उसे 16 लाख कैश 2-3 लाख के जेवर उसे दे दिए। इसके बाद पुलिस के पास जाकर शिकायत कर कहा कि, घर पर डकैती हो गई है।
मामला आदर्श विहार गुढ़ियारी इलाके का है। पुलिस को रक्षाबंधन के दिन सुबह-सुबह डकैती की खबर मिलती है, पता चलता है कि, एक घर पर 3-4 लोगों ने डकैती को अंजाम दिया है। पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ वहां पहुंचती है और जांच शुरू करती है।
पहले तो डॉग बार-बार परिवार के मेंबर के पास जाकर रुक जा रहा था। उरला CSP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जांच में भी दूसरी ही कहानी सामने आ रही थी। जब कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि महिला एक तांत्रिक के संपर्क में थी।








