कोरबा। जिले में अपराध रोकथाम और अन्वेषण को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 336 सीसीटीवी कैमरों से लैस इंटीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर (IC-3) का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन वाणिज्य और उद्योग श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
IC-3 सेंटर के माध्यम से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों की निगरानी की जाएगी। सभी कैमरे को अलग-अलग जोन में स्थापित किया गया है, जिसमें कोसाबाडी, टीपी नगर, कोरबा, दरी, बालको, और सर्वमंगला जोन शामिल हैं। मुख्य चौक चौराहों पर ANPR (नंबर प्लेट स्कैनिंग कैमरा) भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना में त्वरित कार्रवाई हो सकेगी।
सेंटर में साइबर फॉरेंसिक टूल्स भी स्थापित किए गए हैं, जिनमें मोबाइल फॉरेंसिक सॉफ्टवेयर, इमेज वीडियो फॉरेंसिक, और डाटा एनालिसिस सॉफ्टवेयर शामिल हैं, जो साइबर अपराध की विवेचना में पुलिस की मदद करेंगे। आगामी त्यौहारों को देखते हुए, पुलिस ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 4 चीता स्क्वाड की भी शुरुआत की है।
इस कार्यक्रम में महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।







