बलरामपुर में बुधवार को छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के एक जवान ने इंसास राइफल से साथी जवानों पर 7 गोलियां बरसाई। इसमें मध्यप्रदेश के रहने वाले 2 जवानों की मौत हो गई। जबकि एक जवान की हालत गंभीर है। शुरुआती जांच में पता चला कि, जवान उसे चिढ़ाते थे, इसे लेकर आपसी रंजिश थी।
बुधवार शाम करीब 7 बजे कुसमी थाना परिसर में एसपी राजेश अग्रवाल सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने मैहर निवासी जवान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद गृहग्राम रवाना कर दिया गया। वहीं, दूसरे जवान के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को गृहग्राम भेजा जाएगा।

मिर्च को लेकर शुरू हुआ था विवाद
सामरी थाना क्षेत्र के भुताही में तैनात सीएएफ की 11वीं बी बटालियन में तैनात जवान अजय सिदार 18 सितंबर की सुबह 11.30 बजे खाना खाने बैठा था। उसने मिर्च मांगी। मिर्च नहीं देने को लेकर उसका साथी जवानों से विवाद हो गया।
एमपी के दो जवानों की मौत
उसने खाना छोड़ा, हाथ धोया और एक जवान की इंसास राइफल फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षक रूपेश पटेल (39) निवासी एमपी के मैहर के पौड़ी की मौके पर मौत हो गई। संदीप पांडेय (39) निवासी एमपी के रीवा के ग्राम घुरे हटा की इलाज के लिए कुसमी ले जाते समय मौत हो गई।
भागते समय जवानों ने पकड़ा
अजय सिदार ने अंबुज शुक्ला के पैरों पर दो गोलियां मार दी। जवान राहुल बघेल को छूती हुई एक गोली निकल गई। जिसके बाद अजय जंगल की ओर भागने लगा। जिसे राहुल और बाकी जवानों ने पकड़ लिया।

कंधे में फंसी थी गोली
फॉरेंसिक और मेडिकल टीम की जांच से पुष्टि हुई है कि संदीप की मौत गोली लगने से हुई है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजूर ने बताया कि, संदीप के रीड की हड्डी के बगल के गोली अंदर घुसकर आंतों को फाड़ते हुए कंधे के पास फंसी है। एक्सरे में इसकी पुष्टि हुई।











