कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जंगल साइट मैग्जिन ग्राउंड निवासी युवक सूर्य प्रकाश चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना से पहले घर से निकला था युवक
मृतक के पिता ने बताया कि घटना वाले दिन सूर्य प्रकाश कोरबा से बांकी लौटा था। शाम करीब सात बजे वह घर से बाहर निकला, लेकिन पूरी रात वापस नहीं आया। अगले दिन सुबह जब खोजबीन की गई, तो उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
पंचायत चुनाव के दौरान हुआ था विवाद
परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले हुए पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच प्रत्याशी की जीत के बाद डीजे की धुन पर नाच-गाना हुआ था, जिसमें पड़ोसी गांव के कुछ युवकों ने विवाद कर युवतियों से छेड़खानी की थी। इसी विवाद के बाद से कुछ युवक सूर्य प्रकाश को ढूंढ रहे थे।
हत्या की आशंका क्यों?
परिजनों के अनुसार, सूर्य प्रकाश के शव की स्थिति संदेहजनक थी, क्योंकि उसका शरीर जमीन से संपर्क में था। इससे यह संदेह गहरा रहा है कि कहीं उसकी हत्या कर शव को फांसी पर तो नहीं लटका दिया गया।
