कोरबा। नगर निगम कोरबा की नवनिर्वाचित महापौर संजू देवी राजपूत ने मंगलवार को विधिवत रूप से महापौर पद का कार्यभार ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद वे नगर निगम के प्रशासनिक भवन साकेत पहुंचीं, जहां विधिवत पूजन-अर्चन कर उन्होंने पदभार संभाला। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और निगम अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
शपथ ग्रहण समारोह में दिखा जोश
सीएसईबी कोरबा ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में संजू देवी राजपूत ने महापौर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जब वे नगर निगम के प्रशासनिक भवन पहुंचीं, तो वहां भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।
भाजपा ने 10 साल बाद नगर निगम में बनाई सत्ता
इस चुनाव के साथ भाजपा ने 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नगर निगम कोरबा में सत्ता हासिल की है। भाजपा के महापौर चुने जाने पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महापौर कक्ष में संजू देवी को कुर्सी पर बैठाया और विधिक प्रक्रिया पूरी कराई।
नगर विकास पर रहेगा फोकस
महापौर संजू देवी राजपूत ने पदभार संभालने के बाद नगर निगम क्षेत्र में सुशासन और विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वे पूरी निष्ठा के साथ उस पर खरी उतरेंगी। उन्होंने निगम प्रशासन से शहर के विकास कार्यों की समीक्षा कर आगे की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।











