Thursday, October 22, 2026

सरपंच अनिल चौहान और पंचों, स्व-सहायता समूह की बड़ी पहल, अवैध शराब पकड़वाने में निभाई अहम भूमिका

जांजगीर-चांपा। जिले के बालपुर गांव में अवैध शराब के खिलाफ ग्राम पंचायत और स्व-सहायता समूह ने बड़ी कार्रवाई में सहयोग दिया। देशबंधु सतनामी पिता गुलाब सतनामी, निवासी बालपुर, थाना चांपा, को अवैध शराब रखने और बेचने के आरोप में पकड़ा गया।

इस कार्रवाई में ग्राम पंचायत सरपंच अनिल चौहान और पंचों ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं के साथ मिलकर प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। गांव के लोगों का कहना है कि लंबे समय से गांव में अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, जिससे युवाओं और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।

गांव के लोगों की मांग – शराब कारोबारियों पर हो सख्त कार्रवाई

ग्रामवासियों का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार को पूरी तरह बंद करने के लिए पुलिस को लगातार निगरानी रखनी चाहिए। वहीं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में गांव में अवैध शराब बेचने की कोशिश की गई, तो वे खुद आगे आकर कड़ी कार्रवाई करवाएंगी।

गांव की जागरूकता बनी मिसाल

इस घटना ने साबित कर दिया कि अगर गांव के लोग संगठित होकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ खड़े होते हैं, तो अपराधियों पर शिकंजा कसना आसान हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अब समय आ गया है कि हर गांव में ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि युवा पीढ़ी को शराब के जाल से बचाया जा सके।