रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नई आबकारी नीति के तहत 1 अप्रैल 2025 से प्रदेश में 67 नई शराब दुकानें खोलने का फैसला किया है। इसके साथ ही प्रीमियम शॉप संचालन की भी अनुमति दी गई है। इस निर्णय के बाद राज्य में कुल शराब दुकानों की संख्या बढ़कर 741 हो जाएगी।
नई दुकानों को सीमावर्ती इलाकों और 30 किलोमीटर के दायरे में दुकान नहीं होने की स्थिति में खोला जाएगा। वर्तमान में प्रदेश में 674 देशी और विदेशी शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। वहीं, बड़े मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में प्रीमियम शॉप भी अलग से संचालित की जा रही हैं।
प्रदेश सरकार ने नए वित्तीय वर्ष में किसी भी शराब दुकान को बंद नहीं करने का निर्णय लिया है। दुकानों की संख्या बढ़ने से सरकार को राजस्व में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि की उम्मीद है। अगले वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग से करीब 12,500 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान लगाया गया है।







