कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री करने वाले आरोपी मनोज धनवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 25 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुमिया भांठा गंगदाई नाला के पास आरोपी मनोज धनवार लंबे समय से अवैध रूप से शराब बना कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस ने मौके से 10 लीटर सफेद प्लास्टिक जरीकेन और 15 लीटर पीला जरीकेन में रखी शराब बरामद की। पूछताछ में आरोपी वैध कागजात नहीं दिखा पाया, जिसके बाद धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।







