Sunday, April 19, 2026

कोरबा: भाजपा नेत्री ने किसान की थाना परिसर में की पिटाई, मारपीट का वीडियो वायरल

कोरबा। जिले के बाकी मोगरा थाना परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भाजपा नेत्री और पूर्व नगर पालिका सदस्य ज्योति महंत द्वारा एक किसान की पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला – जो कथित रूप से भाजपा की नेत्री हैं – थाना परिसर के अंदर ही एक व्यक्ति को थप्पड़ और लात-घूंसे मार रही हैं। बाद में पता चला कि पिटाई का शिकार बना व्यक्ति एक किसान है, जो किसी व्यक्तिगत मामले को लेकर थाने पहुंचा था।

घटना की पुष्टि होते ही वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया, और लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। पुलिस परिसर जैसे सुरक्षित स्थान पर इस तरह की मारपीट और खुलेआम कानून हाथ में लेने की घटना पर आमजन और राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए हैं।