बेमेतरा | जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए युवक के हाथ से माचिस छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बकाया भुगतान के लिए भटक रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक का नाम आरिफ बाठिया है। बताया जा रहा है कि आरिफ ने कृषि विभाग के कार्यालय भवन निर्माण का कार्य ठेके पर किया था। कार्य पूर्ण होने के एक साल बाद भी उसे भुगतान नहीं किया गया। युवक का आरोप है कि वह अपने हक के पैसों के लिए पिछले एक साल से दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अधिकारी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बची जान
बुधवार को पीड़ित युवक कलेक्ट्रेट पहुंचा और अचानक अपने साथ लाए पेट्रोल को खुद पर उड़ेल लिया। इससे पहले कि वह माचिस जलाकर खुद को आग लगा पाता, वहां मौजूद जवानों ने उसे दबोच लिया। अचानक हुई इस घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया और अधिकारियों की भीड़ जमा हो गई।
अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप
युवक ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और विभाग के अधिकारी उसकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उसने अधिकारियों पर जानबूझकर भुगतान रोकने और मानसिक रूप से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।









