जांजगीर-चांपा। किसान से धोखाधड़ी के आरोप में जेल में बंद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद मंगलवार को जिला जेल से रिहा कर दिया गया। विधायक की रिहाई के दौरान जेल परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।
विधायक की रिहाई पर पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित सैकड़ों समर्थक जिला जेल पहुंचे। जेल से बाहर निकलते ही बालेश्वर साहू का गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जमकर आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान एक खास दृश्य तब देखने को मिला जब बालेश्वर साहू जेल के भीतर से भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लेकर बाहर आए। इसके बाद वे संविधान की पुस्तक हाथ में लेकर अपनी गाड़ी में सवार हुए और “सत्यमेव जयते” का नारा दिया। मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि उन्हें किसान बनकर एक फर्जी मामले में फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पर दबाव बनाकर किसान राजकुमार शर्मा द्वारा यह षड्यंत्र रचा गया।
बालेश्वर साहू ने कहा, “जिसको जो करना था, उसने कर लिया। अब मुझे आगे अपना रास्ता तय करना है। मैं पूरी मजबूती के साथ जनता की सेवा और अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगा।”
विधायक की रिहाई के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। जेल परिसर और आसपास का क्षेत्र समर्थकों के नारों और जश्न से गूंज उठा।









