कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार स्थित लिटिल स्टेप स्कूल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटो गैरेज में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि गैरेज में मौजूद मिस्त्री ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गैरेज पहुंचते ही भड़क उठी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक लाल रंग की कार लेकर गैरेज पहुंचा था। जैसे ही उसने गाड़ी रोकी और बाहर निकलकर मिस्त्री को आवाज दी, उसी दौरान कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। मिस्त्री के मौके पर पहुंचते ही कार में अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जो देखते ही देखते तेज हो गईं।
शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह
कार चालक ने बताया कि वह किसी काम से निकला था, तभी उसे गाड़ी से हल्का धुआं उठता महसूस हुआ। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वह तुरंत कार को पास के गैरेज तक ले आया। बोनट खोलते ही धुआं और आग बढ़ गई। जांच में सामने आया है कि कार के अंदर चूहे द्वारा केबल काट दिए जाने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण आग लगी।
मिस्त्री की सूझबूझ से टली अनहोनी
मिस्त्री ने बिना घबराए तुरंत पानी डालकर और केबल वायर काटकर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से कार पूरी तरह जलने से बच गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने मिस्त्री की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की।









