रायपुर। छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह डीएससी कोल कीलन (DSC Coal Kiln) में अचानक हुए भीषण ब्लास्ट से हड़कंप मच गया।
प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे 4 मजदूरों की मौके पर मौत
हादसे के वक्त प्लेटफॉर्म पर कार्यरत चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया।
कई मजदूर झुलसे, अस्पताल में भर्ती
ब्लास्ट के दौरान गर्म कोयले की चपेट में आने से कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन पूरे प्लांट को सील कर दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा और सेफ्टी मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले में कड़ी कार्रवाई और विस्तृत जांच का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद से मजदूरों और उनके परिजनों में आक्रोश का माहौल है।









