Monday, May 4, 2026

बर्खास्तगी से आहत नगर सेना जवान ने की आत्महत्या की कोशिश, कार्यालय परिसर में जवानों का प्रदर्शन

कोरबा। नगर सेना के एक जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बर्खास्तगी से आहत नगर सेना के जवान संतोष पटेल द्वारा जहर सेवन किए जाने के बाद अब नगर सेना कार्यालय परिसर में जवानों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी जवान जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सेनानी अनुज एक्का ने जवान संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इस निर्णय से आहत होकर संतोष पटेल ने कलेक्टोरेट परिसर में जहर का सेवन कर लिया। उसकी हालत गंभीर होने पर पहले उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। वर्तमान में रायपुर में उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि संतोष पटेल ने सुसाइड नोट लिखकर जहर सेवन किया, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद नगर सेना के जवानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि बर्खास्त जवान की तत्काल बहाली की जाए और जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही महिला नगर सैनिकों ने भी जिला सेनानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि मामले की जांच की मांग लगातार तेज होती जा रही है।