रायपुर। राजधानी रायपुर में 22 फरवरी को प्रस्तावित बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी के कार्यक्रम को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। सोशल मीडिया पर शुरू हुए विरोध के बीच अब बजरंग दल ने कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो विरोध और उग्र हो सकता है।
बजरंग दल के नेता विजेंद्र वर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि संगठन ने इस कार्यक्रम को रोकने के निर्देश दिए हैं। यदि आयोजन के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर गलत असर पड़ता है।
शुरुआती विरोध के बाद आयोजकों ने पोस्टर में बदलाव करते हुए सनी लियोनी की फोटो हटा दी और कार्यक्रम को “डीजे सनी” के नाम से प्रचारित करना शुरू किया। इसके बावजूद विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। सोशल मीडिया पर कार्यक्रम से जुड़ा एक अनाउंसमेंट वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लगातार आपत्तियां जताई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि सनी लियोनी रायपुर के रामा वर्ल्ड में आयोजित एक नाइट डीजे पार्टी में शामिल होने वाली हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।








