मनेन्द्रगढ़ में आयोजित अमृतधारा महोत्सव के दौरान शुक्रवार को उस समय अप्रत्याशित स्थिति बन गई, जब नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव और उनके पति व विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव में जनप्रतिनिधियों और अतिथियों की मौजूदगी में मंचीय कार्यक्रम जारी था। इसी दौरान मंच से विधायक प्रतिनिधि का नाम पुकारा गया, लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष का नाम नहीं लिया गया। बताया जा रहा है कि नाम पुकारे जाने के बावजूद वे मंच पर नहीं गए और इसके बाद दोनों कार्यक्रम स्थल से बाहर चले गए।
विवाद की एक वजह कार्यक्रम स्थल पर वाहन रोके जाने की घटना भी बताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी, जहां प्रवेश द्वार पर उनके वाहन को रोक दिया गया। आरोप है कि वाहन पर नेम प्लेट लगी होने और पहचान बताने के बावजूद उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा रहा था।
बार-बार रोके जाने और प्रवेश न मिलने से नाराज होकर विधायक प्रतिनिधि ने गुस्से में वाहन पर लगी नगरपालिका अध्यक्ष की नेम प्लेट तोड़कर कार्यक्रम स्थल पर फेंक दी। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया और कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण रही।
हालांकि पुलिस और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल छोड़कर चले गए। घटना के बाद महोत्सव की व्यवस्थाओं और पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।







