मोहला में शेयर ट्रेडिंग में ऊंचा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 1.49 करोड़ रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है, जिसकी जांच जारी है।
मामले की शिकायत अंबागढ़ चौकी निवासी कुनाल अग्रवाल ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात लोगों ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया और पंजाब नेशनल बैंक तथा एचडीएफसी बैंक के खातों से कुल 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम पहले कई खातों में जमा कराई गई, फिर उसे ट्रांसफर कर चेक और एटीएम के जरिए निकाला गया। लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीमों ने रुद्रपुर, अहमदाबाद, राजकोट और सूरत में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सात मोबाइल और दस सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में गिरोह के तार काठमांडू, नेपाल से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस गिरोह की कार्यप्रणाली और धन के प्रवाह की विस्तृत जांच कर रही है।








