Sunday, March 8, 2026

खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने का आरोप: हिंदू संगठन के नेता पर FIR, मुस्लिम समाज में नाराजगी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हिंदू संगठन के एक नेता पर ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने का आरोप लगा है। इस मामले में मुस्लिम समाज की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठन से जुड़े नेता ठाकुर राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की मौत को लेकर विवादित टिप्पणी की। आरोप है कि वीडियो में उन्होंने मुसलमानों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया।

यह पोस्ट सामने आने के बाद बिलासपुर में मुस्लिम समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में समाज के लोग सरकंडा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ठाकुर राम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। इसके बाद बिलासपुर में आरोपी नेता ने कथित तौर पर जश्न मनाते हुए मिठाइयां बांटी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।

वीडियो में वह खामेनेई की मौत पर मातम मनाने वालों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और मुस्लिम समाज ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।