कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट पॉलिटी स्कूल के पीछे स्थित एक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक खड़ी कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिसे देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
कचरे में लगी आग से कार तक पहुंची लपटें
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी हेमंत राठौर के यहां कुछ रिश्तेदार आए हुए थे, जिन्होंने अपनी कार कॉलोनी में पार्क की थी। वाहन के पास कचरे का ढेर और झाड़ियां मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात कारण से कचरे में आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए कार तक पहुंच गई और देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आग लगते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पास खड़ी अन्य गाड़ियों को हटाया, जिससे आग और फैलने से रोकी जा सकी। लोगों की सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टल गई।
दमकल और पुलिस ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी विजय कुमार ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना और मानिकपुर चौकी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके कुछ ही देर बाद CSEB का दमकल वाहन भी घटनास्थल पर पहुंच गया। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
कार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक
हालांकि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक कार का काफी हिस्सा जल चुका था। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।









