Sunday, March 29, 2026

बर्ड फ्लू का असर: चिकन-अंडा कारोबार ठप, व्यापारियों ने विधायक बंगले का किया घेराव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू के फैलने के बाद जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध से चिकन और अंडा कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नाराज व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार को विधायक अमर अग्रवाल के बंगले का घेराव कर दिया और दुकानें खोलने की अनुमति की मांग की।

रोजाना 1 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन के आदेश से शहर और आसपास की करीब 200 दुकानों पर ताला लग गया है, जिससे रोजाना एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो उनके सामने भूखमरी जैसे हालात पैदा हो जाएंगे।

10 किमी दायरे में बिक्री पर रोक
दरअसल, शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने एहतियातन 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए निगरानी टीमों का गठन कर दुकानों और होटलों पर लगातार जांच की जा रही है।

व्यापारियों में आक्रोश, विधायक से लगाई गुहार
लगातार सख्ती से नाराज व्यापारियों ने विधायक अमर अग्रवाल के बंगले का घेराव कर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि गाइडलाइन के तहत दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए, ताकि उनका रोजगार बच सके। विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे कलेक्टर से चर्चा कर समाधान निकालेंगे।

सरकारी हेचरी पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बर्ड फ्लू का संक्रमण केवल कोनी स्थित सरकारी हेचरी में है, जबकि निजी दुकानों और बॉयलर मुर्गों में ऐसी कोई समस्या नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा सभी दुकानों को बंद कराना अनुचित है।

नवरात्रि के बाद भी नहीं मिली राहत
व्यापारियों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान पहले ही 10 दिन तक दुकानें बंद रहीं और अब प्रतिबंध के चलते उनका नुकसान और बढ़ गया है। उन्होंने बिक्री की उम्मीद में जो स्टॉक मंगाया था, वह भी अब खराब होने की कगार पर है।

होटल-रेस्टोरेंट में भी बैन
प्रशासन ने शहर के होटल और रेस्टोरेंट में भी चिकन और अंडों के उपयोग पर रोक लगा दी है। कई प्रमुख नॉनवेज रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए हैं, जबकि अन्य जगहों पर चिकन-अंडा आइटम उपलब्ध नहीं होने के पोस्टर लगाए गए हैं।